Friday, July 30, 2010
बेटी की शादी... विवादों में क्लिंटन !
4:53 AM
अमेरिका के सबसे चर्चित राष्ट्रपति रहे बिल क्लिंटन की बेटी की शादी होने जा रही है। पूरी दुनिया में इस शादी की चर्चा जोर शोर से हो रही है। भई क्यों न हो..ये शादी चेल्सी क्लिंटन की जो है। राष्ट्रपति क्लिंटन ने इस शादी की तैयारियों की जिम्मेदारी खुद संभाली है।एक जिम्मेदार माता-पिता का फर्ज निभाते हुए क्लिंटन दंपति ने चेल्सी की ही पसंद को अपनाया है।

चेल्सी अपने बचपन के साथी मार्क मेजविंस्की से शादी कर रही हैं। मार्क और चेल्सी की नजदीकियां न्यूयॉर्क में पढ़ाई के दौरान बढ़ीं और बाद में दोनों ने शादी का फैसला किया। पूरे अमेरिका में इस शादी की चर्चाएं जोरशोर से हो रही हैं। इस शादी का अमेरिकी के लोगों को बेसब्री से इंतजार है।
लेकिन बिल क्लिंटन के साथ विवाद न जुड़ा हो ऐसा तो हो ही नहीं सकता। क्लिंटन और विवादों का चोली दामन का साथ रहा है। हमेशा की तरह ऐसा ही कुछ चेल्सी की शादी में हो रहा है। चेल्सी क्लिंटन की शादी जिस मार्क मेजविंस्की के साथ हो रही है उसकी पारिवारिक पृष्ठभूमि आपराधिक है। मार्क के पिता एडवर्ड एक बड़े घोटाले के आरोप में साढ़े छह साल की सजा काट चुके हैं।
एडवर्ड को फिलाडेल्फिया का हाई प्रोफाइल डेमोक्रेट माना जाता था। 1973 से 1977 के बीच अमरीका की प्रतिनिधि सभा के सदस्य रहे एडवर्ड ने सीनेटर रहते हुए 1980 के दशक में लोगों से नाइजीरिया, अफ्रीका आदि देशों में अंतरराष्ट्रीय सौदे करने के नाम पर करोड़ों डॉलर एकत्र किए और इन लोगों को निवेश के बदले अधिकतम राशि कमाने का ख्वाब दिखाया। लेकिन,एडवर्ड ने सारी रकम डकार कर लोगों को धता बता दी। एडवर्ड खुद राष्ट्रपति निक्सन के खिलाफ फैसला सुनाने वाली न्यायिक समिति के सदस्य रहे हैं। वह संयुक्त राष्ट्र में एंबेसेडर रहे और 1988 में पेनिनसिल्वेनिया में अटॉर्नी जनरल भी रहे। लेकिन,एडवर्ड पर एक करोड़ डॉलर से अधिक के घोटाले का अपराध साबित होने पर उनकी छवि खराब हुई। बिल और हिलेरी क्लिंटन मेजविंस्की दंपती के बारे में सब कुछ जानते हैं।
पूरे मामले पर क्लिंटन परिवार चुप्पी साधे हुए है। उन्हें मार्क पसंद है और वे उसे बचपन से जानते हैं, बेटे की तरह ही स्नेह देते रहे हैं। मेजविंस्की दंपति भी चेल्सी को उसके छुटपन से जानते हैं और उनका कहना है कि बेटे की दुल्हन के तौर उन्हें चेल्सी बेहद पसंद है। चेल्सी और मार्क 31 जुलाई को मैनहंटन से 90 मील दूर एक निजी परिसर में शादी के गठबंधन में बंध जाएंगे। शादी के निमंत्रण पत्र लोगों को दिए जा रहे हैं लेकिन उसमें शादी की जगह नहीं बताई जा रही है। वेडिंग प्लानर निजी स्तर पर मेहमानों से संपर्क करके ही उन्हें शादी की जगह का पता बताएंगे। सूत्रों का कहना है शादी समारोह में लगभग 50 लाख डॉलर खर्च होने की उम्मीद है।

विवाह समारोह में कई मशहूर हस्तियां होंगी लेकिन अमेरिका के राष्ट्रपति ओबामा नहीं होंगे क्योंकि क्लिंटन दंपति ने सुरक्षा के लिहाज से उन्हें निमंत्रण नहीं भेजा है, ऐसा खुद ओबामा ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा। अमेरिका की इस चर्चित शादी की चर्चा पूरी दुनिया के खबरिया चैनलों की प्राइम न्यूज बनीं हुई है, लेकिन देखना ये है ये शादी बिल और हिलेरी की तरह सक्सेस हो पाती है या नहीं।
Friday, July 23, 2010
फिर बहके कदम...!
3:26 PM
कहावत है चोर चोरी से जाए, हेराफेरी से न जाए....लेकिन ऐसा जरूरी नहीं किसी चोर लिए ही इस का मतलब निकाला जाए। हम यहां बात कर रहे हैं भारतीय क्रिकेट टीम में पूर्व कप्तान और यूपी के मुरादाबाद से सांसद मो. अजहरूद्दीन की, अजहर और उनकी पत्नी संगीता बिजलानी के बीच इन दिनों एक ज्वाला भड़क उठी है। ये शब्द आपको कुछ अटपटे से लगें लेकिन एक अखबार की खबर है कि मो. अजहरूद्दीन जल्दी ही संगीता को तलाक देकर ही बैडमिंटन खिलाड़ी ज्वाला गुट्टा से तीसरी शादी करने वाले हैं।
एक बार फिर अजहर के लिए सब कुछ ठीक नहीं है। 47 साल के अजहर की जिन्दगी में 26 साल की ज्वाला के आ जाने की खबर से अजहर की दूसरी पत्नी संगीता बिजलानी के होश उड़ गए हैं। अजहर ने कुछ दिनों पहले बैडमिंटन संघ के चुनाव लड़ने की ठान ली थी। माना जा रहा है अजहर ये सब ज्वाला की वजह से कर रहे थे। ज्वाला ने अजहर को इस कदर अपना दीवाना बना दिया है कि अजहर जब भी हैदराबाद में होते हैं तो बैडमिंटन कोर्ट में नजर आते हैं। सूत्र तो यहां तक बता रहे हैं कि अजहर ने ज्वाला को बीएमडब्ल्यू कार गिफ्ट में दी है।
भारतीय पिता और चीनी मां की पुत्री ज्वाला 7 बार राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियन रह चुकी हैं। ज्वाला ने बैडमिंटन खिलाड़ी चेतन आनंद से 17जुलाई 2005को शादी की। लेकिन अब दोनों के रिश्तों में दरारें पैदा हो गईं है। दोनों अलग-अलग रह रहे हैं लेकिन दोनों ने अपनी शादी टूटने जैसी खबरों से इनकार किया है। अजहर की पहली शादी नौरीन से हुई थी। उस शादी से अजहर के दो बेटे असाउद्दीन और अब्बासुद्दीन हैं। अजहर ने दूसरी शादी 1996 में सलमान खान की पूर्व गर्लफ्रेंड संगीता बिजलानी से की थी।
!!! मुरली तुम्हें सलाम !!!
12:44 PM
श्रीलंका के ऑफ स्पिनर मुथैया मुरलीधरन ने टेस्ट क्रिकेट में 800 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए इसी के साथ उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया। भारत के साथ अंतिम टेस्ट मैच खेल रहे मुरली ने दुनियाभर के बल्लेबाजों के लिए सिरदर्द बने रहे। अपने आखिरी टेस्ट में दुनिया की नंबर एक टीम भारत को धूल चटाकर श्रीलंका को मैच जिताया।
श्रीलंका में कैंडी के पास एक छोटे से गांव नरटमपोथा में 17 अप्रैल 1972 को जन्में मुरलीधरन का 17 साल लंबा क्रिकेट करियर उनको एक महान गेंदबाज की श्रेणी में खड़ा करता है। मुरलीधरन की घूमती गेंदो से दुनिया के कई बल्लेबाज में खौफ खाते थे। अब वे शुक्र मना रहे हैं कि मुरली का सामना नहीं करना पड़ेगा। 28 अगस्त 1992 को ऑस्ट्रेलिया के साथ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने के बाद मुरली की गेंदों ने ऐसी धुन बजाई जिसका आंकड़ा आज पूरी दुनिया के सामने हैं। मुरलीधरन ने ग्लेन मैक्ग्रा, कर्टनी वॉल्श, वसीम अकरम और शेन वॉर्न जैसे शूरमाओं के रिकॉर्ड्स को ध्वस्त किया।
800 विकेट का कीर्तिमान बनाने से पहले मुरलीधरन की क्रिकेट लाइफ में कई दिक्कतें आईं। उन पर चकिंग के आरोप लगे, वे चोटों से परेशान रहे। लेकिन आईसीसी का बायोमेकेनिकल टेस्ट पास करने के बाद मुरली के खिलाफ उठने वाली आवाजें बंद हो गईं। मुरलीधरन ने अपनी एक कलात्मक तरीके से फेंकी जाने वाली गेंद ‘दूसरा’ का बल्लेबाजों पर खूब प्रयोग किया। गेंदबाजी के प्रत्येक डिपार्टमेंट में उन्होंने अपनी छाप छोड़ी। मुरलीधरन की करिश्माई गेंदबाजी ने उन्हें एक कामयाब क्रिकेटर बनाया। स्वभाव शांत मुरलीधरन मैदान पर विपक्षी टीम के लिए किसी कयामत से कम नहीं थे। मुरलीधरन भारत में आईपीएल की चेन्नई टीम से खेलते हैं। इग्लैंड में लैंकशायर काउंटी में कई साल तक क्रिकेट खेला।
1996 में विश्वकप जीतने वाली श्रीलंकाई टीम में मुरलीधरन टीम का एक अहम हिस्सा थे। श्रीलंका को विदेशों में कई सीरीज अपने दम पर जिताने वाले इस गेंदबाज ने 21 मार्च 2005 को एक भारतीय मधिमलार राममूर्ति को अपनी जीवन संगिनी बनाया। स्पिन के इस जादूगर को हम सबका क्रिकेट प्रेमियो का सलाम। टेस्ट क्रिकेट में मुरली जैसी विदाई दुनिया के किसी भी गेंदबाज के लिए एक सपना सरीखा होगा। लेकिन अब ये सवाल पैदा होता है मुरलीधरन का रिकॉर्ड कौन तोड़ेगा।
Subscribe to:
Posts (Atom)







